संभल/बहजोई। आगामी होली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान के तहत बड़ी छापामार कार्रवाई की। 25 फरवरी 2026 की रात खग्गू सराय स्थित मोह शाकिर की सेवई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया, जहां से सेवई और मैदा के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान सेवई निर्माण में प्रयुक्त श्री हरि ब्रांड मैदा की 173 बोरियां (लगभग 7700 किलोग्राम) पैकिंग और लेबलिंग नियमों के उल्लंघन में पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
प्राप्त सूचना के आधार पर 26 फरवरी 2026 को ग्राम बमनेटा स्थित श्री हरि राइस एंड जनरल मिल पर भी छापा डाला गया। यहां 447 बोरियों (प्रत्येक 15 किलोग्राम) में भंडारित लगभग 20 हजार किलोग्राम मैदा बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि बोरियों पर भ्रामक खाद्य लाइसेंस संख्या अंकित थी तथा पैकिंग-लेबलिंग मानकों का पालन नहीं किया गया था। टीम ने मैदा के नमूने जांच के लिए भेजते हुए समस्त स्टॉक जब्त कर नोटिस जारी किया।
कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य मानवेन्द्र सिंह सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम मौजूद रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावट और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।