
बहजोई (सम्भल)। पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र की बैठक में आपसी विवादों से जूझ रहे 10 परिवारों को फिर से मिलाने में सफलता मिली। शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को महिला थाना पुलिस लाइन बहजोई में आयोजित बैठक थानाध्यक्ष डॉ. रुकम पाल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिण मनोज रावत और क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह के निर्देशन में आयोजित की गई। इसमें पति-पत्नी के बीच चल रहे विवादों को काउंसलरों की मदद से आपसी बातचीत और सुलह-समझौते के आधार पर सुलझाने का प्रयास किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र में कुल 1444 पत्रावलियों को सुना गया। इनमें से 54 पत्रावलियों का निस्तारण किया गया। विशेष प्रयासों के चलते 10 परिवारों को आपसी मतभेद भुलाकर दोबारा साथ रहने के लिए राजी किया गया। वहीं 15 पत्रावलियों में विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई। इसके अलावा 29 पत्रावलियों को आवेदकों द्वारा पैरवी न करने अथवा अन्य कारणों से बंद किया गया।
इस अवसर पर काउंसलर लवमोहन वार्ष्णेय, अखिलेश अग्रवाल, श्वेता गुप्ता, सीमा आर्य, कंचन माहेश्वरी, बबीता सहित कांस्टेबल शहजाद मलिक, महिला आरक्षी ज्योति, विनीता तथा अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाकर परिवारों को बिखरने से बचाना है।