
सम्भल। जनपद सम्भल की रजपुरा थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, मोटरसाइकिलों के कटे हुए पार्ट्स और वाहन काटने की ग्राइंडर मशीन बरामद की है।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में रजपुरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद पुत्र मेघपाल निवासी शेरपुर, अमित पुत्र जगदीश निवासी बगौड़ा और नीरज मिस्त्री पुत्र कैलाश निवासी मिरावटी, थाना धनारी, जनपद सम्भल के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 19 से 22 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में Blinkit, Rapido तथा Amazon में डिलीवरी का काम करते थे। इसी दौरान वे मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें सम्भल और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कम कीमत पर बेच देते थे। चोरी की कुछ मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स भी बेचे जाते थे।
बरामद वाहनों में 9 स्प्लेंडर, एक होंडा साइन, एक टीवीएस राइडर और एक हीरो डीलक्स शामिल हैं। इसके अलावा सिलेंडर, हैंडल, रिम, बैटरी, सीट, इंजन, नंबर प्लेट और ग्राइंडर मशीन भी बरामद हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।