
पीएम किसान उत्सव दिवस पर जिला मुख्यालय सहित विभिन्न केंद्रों पर हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण, किसानों को वितरित किए गए तिलहन बीज मिनीकिट
सम्भल (बहजोई), 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत जनपद सम्भल के 2,82,455 किसानों के बैंक खातों में 56.49 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। गुजरात के बनासकांठा में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा किस्त जारी की गई। इस अवसर पर सम्भल के कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष नत्थू सिंह राणा मुख्य अतिथि तथा मंडल उपाध्यक्ष वीरपाल यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं अतिथियों ने राज्य सहायतित निःशुल्क तिलहन बीज मिनीकिट योजना के अंतर्गत चयनित किसानों को बीज मिनीकिट वितरित किए। किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, कृषि मंडियों, एफपीओ और साधन सहकारी समितियों सहित विभिन्न केंद्रों पर किया गया। जनपद में लगभग 21,547 किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सजीव प्रसारण देखा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, उप निदेशक कृषि अरुण कुमार त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी प्रबोध कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।