संभल में बारात बनी जंग का मैदान: खाने को लेकर विवाद, दो गुटों में भिड़ंत; 18 घायल

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

संभल जनपद के थाना असमोली क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब बारात में खाना खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। घटना रात गांव दबोई खुर्द की है, जहां मुरादाबाद के भोजपुर क्षेत्र के आटान से रविंद्र पुत्र चंद्रपाल की बारात राजपाल सिंह की बेटी सविता के विवाह में आई थी।
जयमाला के बाद जब बाराती भोजन कर रहे थे, तभी लड़के पक्ष के दो गुटों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर प्लेट फेंक दी और फिर दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चलने लगे। करीब रात 11:30 बजे हुई इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
विवाद के बाद दोनों पक्ष मनौटा पुल स्थित पुलिस चौकी पहुंच गए, लेकिन वहां भी झगड़ा थमने के बजाय और बढ़ गया। पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस मारपीट में कुल 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना के समय चौकी पर केवल एक सिपाही मौजूद था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, लेकिन मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *