सम्भल। पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चंद्र त्रिपाठी ने सोमवार को थाना चंदौसी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, कंप्यूटर कक्ष, कार्यालय अभिलेख, जनसुनवाई व्यवस्था, मालखाना, हवालात और बैरक समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना अभिलेख सहित महत्वपूर्ण दस्तावेजों का निरीक्षण कर उन्हें अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं, अभियोगों और प्रार्थना-पत्रों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की। मुख्य बाजार और सराफा बाजार में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों, दुकानदारों और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुरक्षा संबंधी सुझाव प्राप्त किए गए।

पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बाजारों में नियमित गश्त, पुलिस की दृश्यता बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।