नई दिल्ली,रसोई के बजट पर महंगाई का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। अब गुड़ और प्याज के दाम में तेजी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंडियों में आवक कम होने और मांग में बदलाव के चलते गुड़ की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
जानकारी के मुताबिक, 31 जुलाई को थोक बाजार में 48 से 50 रुपये किलो बिकने वाला गुड़ अब बढ़कर 68 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं फुटकर बाजार में इसका भाव करीब 60 रुपये किलो से बढ़कर 80 रुपये किलो हो गया है। यानी कुछ ही हफ्तों में उपभोक्ताओं को करीब 20 रुपये प्रति किलो अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।

कारोबारियों के अनुसार गुड़ के महंगा होने की प्रमुख वजह इसके सूखने के साथ मंडियों में कम आवक और बढ़ती मांग है। चीनी के दाम बढ़ने के बाद गुड़ की मांग में भी इजाफा हुआ है। व्यापारियों को उम्मीद है कि नई फसल का गुड़ बाजार में आने के बाद कीमतों में राहत मिल सकती है।
इधर, प्याज के थोक भाव में भी तेजी देखी जा रही है और इसकी कीमत करीब 50 रुपये किलो तक पहुंच गई है। सावन में खपत अपेक्षाकृत कम रहने के बावजूद बढ़े दामों ने घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।