
संभल। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। 26 अगस्त को प्रवर्तन दल ने चंदौसी के मौलागढ़ स्थित वृंदावन धाम नामक घी निर्माण इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम को घी, रिफाइंड ऑयल, वनस्पति, एसेंस, रंग समेत विभिन्न प्रकार के अपमिश्रक और अज्ञात रसायन मिले। इसके साथ ही खाद्य एवं अखाद्य पदार्थों के अलग-अलग लेबल भी बरामद किए गए, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया।

विभागीय अधिकारियों ने मौके से कुल 11 नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तत्काल लाइसेंस निलंबित कर यूनिट को सील कर दिया

अधिकारियों के अनुसार, जनस्वास्थ्य के लिए हानिकारक रसायनों के प्रयोग की स्थिति पाए जाने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोतवाली चंदौसी में तहरीर दी गई है।

कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय मानवेन्द्र सिंह, सीएफएसओ वीके राठी सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा, राजेश कुमार, रामजीत, राजीव कुमार और सुधीर कुमार मौजूद रहे।