बहजोई। जनपद संभल के बहजोई नगर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस बड़े उत्साह, अकीदत और शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। हाथों में इस्लामी झंडे और आगे तिरंगा लेकर लोग चल रहे थे। रास्ते भर माहौल नात-ए-पाक और धार्मिक नारों से गूंजता रहा।

बहजोई नगर के संभल रोड स्थित चित्र रोड पर मोहम्मद उमर एडवोकेट की अध्यक्षता में जुलूस का आयोजन किया गया। इसके अलावा कुरेशियां मोहल्ले में मदीना मस्जिद से लेकर कुरेशियां मोहल्ले तक भी जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। वहीं टंकी मोहल्ला और अल्वी नगर में भी विभिन्न प्रकार के रोजे मुबारक के प्रतीकात्मक स्वरूप जुलूस के साथ निकाले गए। इनमें काबा शरीफ, मदीना शरीफ, अजमेर शरीफ सहित अन्य मुकद्दस स्थलों के स्वरूप शामिल रहे, जिन्हें देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ दिखाई दी।

जुलूस में शामिल लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शान में नात-ए-पाक पेश की। अकीदतमंदों ने उनके बताए अमन, भाईचारे, इंसाफ, रहमत और इंसानियत के संदेश को याद किया। आयोजकों के मुताबिक जश्ने ईद मिलादुन्नबी का उद्देश्य रसूल-ए-अकरम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की सीरत और उनकी शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचाना तथा उनके प्रति अपनी अकीदत का इजहार करना है।

जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर लंगर और खाने-पीने की चीजों के स्टॉल लगाए गए। लोगों ने तरह-तरह के व्यंजन और शरबत आदि वितरित किए। जुलूस में शामिल लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह नजर आया। जुलूस विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ आगे बढ़ा और लोगों ने धार्मिक उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। टंकी मोहल्ला, अल्वी नगर, कुरेशियां मोहल्ला और अन्य क्षेत्रों में भी जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
