युवक श्मशान घाट पर घायल मिला, दोस्त पर नशीला पदार्थ पिलाकर जलाने का आरोप

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

संभल। जनपद संभल के थाना राय सत्ती क्षेत्र में एक युवक को कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिया सराय निवासी सूफियान पुत्र शरीफ ने अपने दोस्त राहिल पुत्र हुसैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार ने आरोपी पक्ष पर समझौते का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।

पीड़ित सूफियान के अनुसार शुक्रवार रात करीब आठ बजे उसका दोस्त राहिल उसे घर से अपने साथ ले गया था। रास्ते में उसे एक गिलास में कुछ पिलाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। सूफियान ने बताया कि रात करीब 11 बजे उसे होश आया तो वह खुद को घायल अवस्था में पड़ा हुआ महसूस कर रहा था। किसी तरह उसने अपने परिजनों को फोन कर जानकारी दी कि वह कहीं पड़ा हुआ है और उसकी हालत बेहद खराब है।

सूचना मिलते ही परिजन उसकी तलाश में जुट गए। सूफियान की मां फरहत जहां ने बताया कि पहले बेटे का फोन बंद आ रहा था, लेकिन बाद में उसने बताया कि उसे केवल हल्की रोशनी दिखाई दे रही है। इसी आधार पर परिजन तलाश करते हुए चन्दौसी रोड स्थित श्मशान घाट पहुंचे, जहां सूफियान मिट्टी में घायल अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तुरंत घर लाए और उपचार कराया।

परिवार का कहना है कि सूफियान की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। राहिल और सूफियान साथ में काम करते थे और दोनों के बीच अच्छे संबंध बताए जाते हैं। घटना के बाद आरोपी पक्ष द्वारा समझौते का दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *