क्रिकेट के मैदान में खूनी खेल, लाठी-डंडे और फायरिंग से दो युवक गंभीर

क्रिकेट के मैदान में खूनी खेल, लाठी-डंडे और फायरिंग से दो युवक गंभीर
Amroha जिले में क्रिकेट मैच के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मामला Naugawan Sadat थाना क्षेत्र के Khetapur Village का है, जहां खेल के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर लाठी-डंडे चले और गोलियां तक चल गईं। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव के मैदान में कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान खेल को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के करीब दर्जन भर लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान फायरिंग भी की गई, जिससे मैदान में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में अजीम और राहत नाम के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो सके।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए करीब 12 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनके पास से एक तमंचा भी बरामद किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *