ईरान-इजरायल तनाव के बीच भारत का अलर्ट, भारतीय नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। ईरान और इजरायल के बीच लगातार बढ़ रहे सैन्य संघर्ष को देखते हुए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों से सतर्क रहने और सुरक्षित माध्यमों से जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की अपील की है।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी संदेश में कहा कि मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें तथा जो लोग ईरान में मौजूद हैं, वे उपलब्ध और सुरक्षित साधनों का उपयोग कर देश से बाहर निकलने का प्रयास करें। दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहा है।

रविवार देर रात ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष और अधिक तेज हो गया। रिपोर्टों के अनुसार इजरायल ने तेहरान, इस्फहान और तबरीज सहित कई शहरों में हवाई और मिसाइल हमले किए। इससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

इस बीच ईरान ने मौजूदा हालात के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने आरोप लगाया कि इजरायल की सैन्य कार्रवाइयों के पीछे अमेरिकी समर्थन और नीतियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारत सरकार ने अपने नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *