अवैध ईंट भट्ठे पर कार्रवाई, जेसीबी व गारा मशीन जब्त— शिवम कुमार, खनन अधिकारी, सम्भल

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
जनपद सम्भल के ग्राम असगरीपुर में बिना विनियमन शुल्क जमा किए संचालित किए जा रहे एक ईंट भट्ठे पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। खनन विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर खनन अधिकारी शिवम कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान भट्ठा अवैध रूप से संचालित पाया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने अवैध रूप से चल रहे भट्ठा संचालकों को तत्काल सूचित करते हुए नियमों की जानकारी दी और संचालन बंद करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति और शुल्क के किसी भी प्रकार का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है।
कार्रवाई के दौरान मौके से एक जेसीबी मशीन और गारा बनाने वाली मशीन को जब्त कर लिया गया। जब्त मशीनों को थाना असमोली की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है, ताकि आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।
खनन अधिकारी शिवम कुमार ने बताया कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित लोगों को चेतावनी दी कि वे नियमानुसार कार्य करें, अन्यथा इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *