हरदोई के कैनाल रोड स्थित सनबीम स्कूल में 24 अप्रैल को प्रिंसिपल और एक महिला अभिभावक के बीच हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल ममता मिश्रा और अभिभावक नीलम वर्मा के बीच कॉपी-किताब खरीदने और फीस को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इस दौरान प्रिंसिपल ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और ‘शटअप’ जैसे शब्द कहे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। 27 अप्रैल को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अजीत सिंह पुलिस और साइबर टीम के साथ स्कूल पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान प्रिंसिपल ने अपने व्यवहार पर खेद जताते हुए माफी भी मांगी, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है।
बीएसए ने नगर खंड शिक्षा अधिकारी को मामले में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जांच पूरी होने तक प्रिंसिपल के स्कूल आने पर रोक लगा दी गई है। इस कार्रवाई के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।