
गवां (सम्भल)। रजपुरा थाना क्षेत्र के गवां नगर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के कमरे में 22 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। युवक की मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गवां निवासी दीपक पाल अपनी भाभी विमलेश उर्फ पूजा पाल पत्नी संतोष पाल के साथ घर पर रहता था। संतोष पाल जयपुर (राजस्थान) में मजदूरी करता है। बताया गया कि पूजा पाल तीन-चार दिन पहले अपने मायके गई हुई थी। गुरुवार 19 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे जब वह वापस घर पहुंची और कमरे में जाकर देखा तो उसका देवर दीपक पाल मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। कमरे में युवक का शव देखकर पूजा पाल की चीख निकल गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर गवां पुलिस चौकी प्रभारी और रजपुरा थाना प्रभारी संदीप चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं क्षेत्राधिकारी गुन्नौर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।