
सम्भल। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने सम्भल-बहजोई-बबराला मार्ग पर अभियान चलाकर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहनों में अतिरिक्त सवारियां बैठाने वाले चालकों के चालान किए गए।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहनों की जांच करते हुए उनमें लगाए गए अतिरिक्त पायदान और एक्स्ट्रा सीटों को भी हटवाया। पुलिस ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाएं और किसी भी स्थिति में अतिरिक्त सवारियां लेकर सड़क पर वाहन न चलाएं।
यातायात प्रभारी ने चालकों को समझाया कि अधिक सवारियां बैठाने से वाहन का संतुलन बिगड़ने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वाले चालकों में हड़कंप मचा रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।