अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी (विशेष जांच टीम) अपनी जांच पूरी कर चुकी है और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होने को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि जांच एजेंसियों को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि कहीं जांच रिपोर्ट ही “चोरी” न हो जाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि जांच की समय-सीमा बढ़ाने के पीछे सबूतों को प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एसआईटी टीम जांच पूरी करने के बाद अयोध्या से लखनऊ लौट चुकी है और लगभग 140 पन्नों की रिपोर्ट तैयार की गई है। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट सोमवार तक मुख्यमंत्री को सौंपी जा सकती है।