
सम्भल (बहजोई)। बहजोई-टिकटा रोड पर अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। जिलाधिकारी के आदेश पर तहसील प्रशासन की टीम ने बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित की जा रही प्लॉटिंग को निशाने पर लिया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से किए गए निर्माण और प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से प्लॉटिंग का कारोबार करने वालों में खलबली मच गई। बुलडोजर चलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि कई स्थानों पर बिना जरूरी अनुमति और मानचित्र स्वीकृत कराए ही जमीन पर प्लॉट काटकर बिक्री की तैयारी की जा रही थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन द्वारा ऐसे निर्माणों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
वहीं, प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित विभाग से मानचित्र और जरूरी अनुमतियों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।