
सम्भल। आगामी 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले एवं स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सम्भल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बा सम्भल के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च के दौरान एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेले और स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने को कहा।
पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रख रहा है। भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सम्भल सहित आसपास के थानों के प्रभारी एवं भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सम्भल पुलिस ने स्पष्ट किया कि कार्तिक पूर्णिमा एवं स्नान पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए जा रहे हैं।