लखनऊ/। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड भर्ती 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। राज्य में 41,424 पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है, साथ ही अभ्यर्थियों के लिए एग्जाम सिटी स्लिप भी जारी कर दी गई है।
बोर्ड के अनुसार, परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के 74 जिलों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी—पहली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक।
अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं, जिससे उन्हें परीक्षा शहर की जानकारी मिल सकेगी।
एडमिट कार्ड परीक्षा से तीन दिन पहले जारी किए जाएंगे। 25 अप्रैल की परीक्षा के लिए 22 अप्रैल, 26 अप्रैल के लिए 23 अप्रैल और 27 अप्रैल के लिए 24 अप्रैल से प्रवेश पत्र उपलब्ध होंगे।
परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। साथ ही ई-केवाईसी प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को अपना आधार कार्ड अनलॉक रखने की सलाह दी गई है, ताकि बायोमेट्रिक सत्यापन में कोई परेशानी न हो।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।