मुरादाबाद को इम्पीरियल तिराहे पर महिला आरक्षण बिल के समर्थन में अखिल भारतीय हिंदू परिषद (मातृशक्ति) द्वारा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताते हुए नेताओं के पुतले फूंके।
पुतला दहन के दौरान अचानक प्रदेश अध्यक्ष रीता पाल के दुपट्टे में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति गंभीर होने से पहले ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
बताया जा रहा है कि पास में मौजूद थाना कोतवाली के ड्राइवर सचिन और अन्य पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए महिला का दुपट्टा हटाकर आग पर काबू पाया। उनकी सूझबूझ और तेजी के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के बाद कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। राहत की बात यह रही कि महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है और ऐसे कार्यक्रमों में सावधानी बरतने की अपील की है।