लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत 15 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदला गया है, जिसमें आगरा भी शामिल है।
सरकार ने मनीष कुमार बंसल को आगरा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। वहीं, वर्तमान डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि मनीष कुमार बंसल एक अनुभवी आईएएस अधिकारी हैं और प्रशासनिक कार्यों में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उन्हें कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आगरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस बड़े फेरबदल में देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त को भी बदला गया है। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारियों (CDO), सचिव स्तर के अधिकारियों और विभिन्न विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्षों के पदों पर भी बदलाव किए गए हैं।
प्रदेश सरकार का यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों को तेज करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।