बंगाल विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने जारी की 144 उम्मीदवारों की पहली सूची, भवानीपुर से ममता के खिलाफ मैदान में सुवेंदु अधिकारी

बंगाल विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने जारी की 144 उम्मीदवारों की पहली सूची, भवानीपुर से ममता के खिलाफ मैदान में सुवेंदु अधिकारी


पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुनावी रणभूमि में जोरदार एंट्री कर दी है। इस सूची में कई वरिष्ठ नेताओं के साथ नए चेहरों को भी मौका दिया गया है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।

बीजेपी की सूची में सबसे चर्चित नाम नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का है। पार्टी ने उन्हें भवानीपुर और नंदीग्राम—दोनों सीटों से उम्मीदवार बनाया है। भवानीपुर सीट पर उनका सीधा मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से होने वाला है, जिससे यह सीट चुनाव की सबसे हाई प्रोफाइल सीटों में शामिल हो गई है।

पार्टी ने राज्य के विभिन्न जिलों की कई महत्वपूर्ण सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए हैं। मालदा (एससी) से गोपाल चंद्र साहा, मोथाबाड़ी से निबारन घोष, सुजापुर से अभिराज चौधरी और सूती से महाबीर घोष को टिकट दिया गया है। इसके अलावा रघुनाथगंज से सुरजीत पोद्दार, लालगोला से अमर कुमार दास, भगवांगोला से भास्कर सरकार और मुर्शिदाबाद से गौरी शंकर घोष को उम्मीदवार बनाया गया है।

अन्य प्रमुख सीटों पर रासबिहारी से स्वपन दासगुप्ता, खड़गपुर सदर से दिलीप घोष, आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल और पांडबेश्वर से जितेंद्र कुमार तिवारी को मैदान में उतारा गया है।

बीजेपी की पहली सूची जारी होने के बाद राज्य की सियासत और गर्मा गई है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि आगामी चुनाव में जनता किसे सत्ता की कमान सौंपती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *