(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच यूपी के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अजय पाल शर्मा का सख्त तेवर देखने को मिला है। चुनाव आयोग द्वारा ऑब्जर्वर बनाए गए अजय पाल शर्मा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मतदाताओं को डराने या धमकाने की कोशिश की गई तो कड़ी कार्रवाई होगी और बाद में पछताने का मौका भी नहीं मिलेगा।
दरअसल, जहांगीर खान के खिलाफ वोटरों को डराने की शिकायत मिलने के बाद अजय पाल शर्मा खुद मौके पर पहुंचे। उनके नेतृत्व में SSB, Fास्ट सर्विलांस टीम (FST) और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उनका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे सख्त लहजे में चेतावनी देते दिख रहे हैं।
राजनीतिक स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर विवाद भी बढ़ गया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अजय पाल शर्मा को भाजपा का एजेंट बताते हुए आरोप लगाया कि समय आने पर ऐसे लोगों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, टीएमसी नेताओं ने भी पलटवार करते हुए उन्हें “कुख्यात सिंघम” करार दिया और कहा कि यह उत्तर प्रदेश नहीं बल्कि पश्चिम बंगाल है।