उत्तर प्रदेश बड़ी खबर | राज्य
रईस अल्वी, वरिष्ठ पत्रकार
STAR NEWS 24 DESK: उत्तर प्रदेश में होली का त्योहार पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। मथुरा, वाराणसी, अयोध्या सहित कई शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में रंग, गुलाल और ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोग झूमते नजर आए। सड़कों से लेकर मंदिरों और मोहल्लों तक हर जगह होली की मस्ती दिखाई दे रही है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की खुशियां बांट रहे हैं।
वाराणसी में रंगभरी एकादशी के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष उत्सव का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी, जहां भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के साथ अबीर-गुलाल से होली खेली। टेसू के फूलों से बने प्राकृतिक रंगों का प्रयोग किया गया और भजन-कीर्तन के साथ माहौल भक्तिमय बना रहा।
इस दौरान युवाओं की टोलियों ने पारंपरिक होली बरात भी निकाली। भगवान शिव के स्वरूप में सजे लोग घोड़े पर सवार होकर नगर भ्रमण करते दिखाई दिए। होली गीतों, ढोल-नगाड़ों और ठंडाई के साथ शहर में उत्सव का माहौल बना रहा।
वहीं शाहजहांपुर में भी परंपरागत तरीके से छोटे और बड़े लाट साहब की सवारी निकाली गई। सुबह से ही लोग इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े। सवारी के दौरान रंग-गुलाल उड़ाया गया और पारंपरिक तरीके से लाट साहब का स्वागत किया गया।
उत्तर प्रदेश में होली केवल रंगों का त्योहार ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक मेलजोल का प्रतीक भी है। मंदिरों में भजन-कीर्तन और लोकगीतों के साथ लोगों ने अमन-चैन और खुशहाली की कामना की। प्रदेश भर में होली का त्योहार सौहार्द और भाईचारे के संदेश के साथ मनाया जा रहा है।