ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की खबरों के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी लखनऊ सहित जौनपुर, आजमगढ़ और मेरठ जैसे शिया बहुल जिलों में पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सोशल मीडिया की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
लखनऊ में बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी की। कई महिलाएं भावुक नजर आईं और उन्होंने खामेनेई को अपना मार्गदर्शक बताया।
इस बीच ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने तीन दिवसीय शोक की घोषणा की है। बोर्ड के महासचिव मौलाना यासब अब्बास ने शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
खाड़ी देशों के लिए कुछ उड़ानों पर भी असर पड़ा है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। प्रशासन ने आम जनता से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है