
STAR NEWS 24. RAIS ALVI
संभल। होली पर्व और होलिका दहन के मद्देनजर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार ने कस्बा संभल में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया तथा होली पर निकलने वाले जुलूस मार्गों का भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर आमजन से संवाद स्थापित किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी भ्रामक अफवाह पर ध्यान न दें।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और प्रशासन का सहयोग करें। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) एवं क्षेत्राधिकारी संभल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।