सीएम योगी ने मंच पर बुलाकर संभल के लाल आकाश को सौंपा नियुक्ति पत्र, 10 मेधावियों को मिली शिक्षक की कमान

–लखनऊ के जुपिटर हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सैंधरी निवासी आकाश कुमार को मंच पर किया सम्मानित

– 10 युवाओं को प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) पद पर मिला नियुक्ति का तोहफा, 4 को गृह जनपद व 6 को गैर जिलों में मिली तैनाती

संभल, 22 सितंबर। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में जनपद संभल का डंका बजा। प्रदेश सरकार के ‘मिशन रोजगार’ अभियान के तहत आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मा.मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कुल 3,567 नवचयनित प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों, प्रवक्ताओं और सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस विशाल समारोह में संभल के लिए सबसे गर्व का क्षण तब आया, जब मा. मुख्यमंत्री ने मंच पर विशेष रूप से जिले के लाल आकाश कुमार को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपा और उनकी पीठ थपथपाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक सीपी सिंह के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचे कुल 10 मेधावी अभ्यर्थियों को शिक्षक पद पर नियुक्ति का तोहफा मिला है।

मंच पर पहुंचे सैंधरी के आकाश, मुख्यमंत्री ने सराहा
संभल तहसील क्षेत्र के ग्राम सैंधरी (पोस्ट हरथला) निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र आकाश कुमार का चयन प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) शारीरिक शिक्षा विषय में हुआ है। उन्हें जनपद संभल के ही ‘जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, सतपुरा’ में सहायक अध्यापक पद पर तैनाती मिली है। लखनऊ के जुपिटर हॉल में जब संभल के आकाश कुमार का नाम मंच से पुकारा गया, तो पूरा सभागार करतल ध्वनि से गूंज उठा। मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और विद्यालयों में नई पीढ़ी को खेल, स्वास्थ्य व अनुशासन के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया। गृह जनपद के सतपुरा इंटर कॉलेज में नई जिम्मेदारी मिलने पर आकाश व उनके परिजनों में उल्लास का माहौल है।

मिशन रोजगार से पूरी हुई युवाओं की वर्षों की तपस्या
प्रदेश सरकार के ‘मिशन रोजगार’ के अंतर्गत पूरी निष्पक्षता और पारदर्शी चयन व्यवस्था के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग के रिक्त पदों को भरा जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जुपिटर हॉल में एक साथ 3,567 नियुक्ति पत्रों का वितरण कर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा को नई गति दी गई। इस चयन प्रक्रिया ने साबित किया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के होनहार बिना किसी सिफारिश या बाधा के केवल अपनी योग्यता व कठिन परिश्रम के बल पर सफलता हासिल कर रहे हैं। युवाओं का चयन होने से जिले के राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अध्यापन के स्तर में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

गृह जनपद में चार को मौका, छह को गैर जिलों की कमान
जिला विद्यालय निरीक्षक सीपी सिंह के नेतृत्व में राजधानी पहुंचे 10 अभ्यर्थियों को मुरादाबाद मंडल व आसपास के जिलों में विद्यालयों का आवंटन किया गया है। आधिकारिक सूची के अनुसार, जनपद संभल के चार मेधावियों को गृह जिले में ही सेवा का अवसर मिला है। इनमें शारीरिक शिक्षा विषय में चयनित आकाश कुमार को जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सतपुरा में तैनाती मिली है, जबकि प्रशिक्षित स्नातक के रूप में जीवन दीप कौशिक, जगपाल और गुलशन भी गृह जनपद संभल के विद्यालयों में ही अपनी सेवाएं देंगे।
वहीं छह अन्य चयनित अभ्यर्थियों को गैर जनपदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें राहुल राय और भावना राठौर जनपद बागपत में शिक्षक पद संभालेंगे। इसके अलावा अब्दुल शारिक को बुलंदशहर, प्रिंसी चौधरी को बरेली, सुमित कुमार को रामपुर तथा मनीषा को सहारनपुर जनपद में पदस्थापित किया गया है। राजधानी के मंच से नियुक्ति पत्र पाकर लौटे इन सभी नवनियुक्त शिक्षकों ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को दिया है।

Author

  • starnews24.in

    Star News 24 एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित के प्रति समर्पित डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को आप तक सबसे पहले, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाना है। हम पत्रकारिता के उन मूल्यों पर चलते हैं, जिनकी नींव सच्चाई, ईमानदारी और जिम्मेदारी पर टिकी होती है।

    हमारा उद्देश्य है –
    “हर खबर सच्ची हो, हर आवाज सुनी जाए, और हर नागरिक जागरूक बने।”

    आपका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और हम हमेशा इस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *