
सम्भल (बहजोई), 02 नवंबर 2026।
जनपद सम्भल में जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय स्लॉट का सोमवार को शुभारम्भ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 1746 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक 39 बैचों के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
प्रशासन के अनुसार जनपद के नौ प्रशिक्षण स्थलों पर प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। इस दौरान संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे पूरे समय उपस्थित रहकर जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जानकारी हासिल करें।

अधिकारियों ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और ईमानदारी के साथ करें, जिससे आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी, जबकि घर-घर जाकर जनगणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक कराया जाएगा।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को सुचारु, समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है।