हरिद्वार चिंतन शिविर की तैयारियों को लेकर भाकियू टिकैत की पंचायत, किसानों की समस्याओं पर हुआ मंथन

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)


बहजोई। तहसील क्षेत्र के मिर्जापुर नसरुल्लापुर गांव में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की संगठन विस्तार पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में 15 से 18 जून तक हरिद्वार के वीआईपी घाट गंगा तट पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय चिंतन शिविर में भागीदारी की तैयारियों तथा क्षेत्र की विभिन्न किसान समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पंचायत को संबोधित करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसान आज बिजली, खाद, चकबंदी, राशन वितरण में धांधली और अवैध खनन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अघोषित बिजली कटौती के कारण किसानों की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं, जबकि यूरिया खाद के लिए किसानों को घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी रणनीति हरिद्वार में होने वाले राष्ट्रीय चिंतन शिविर में तैयार की जाएगी। उन्होंने किसानों से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि भाकियू टिकैत ही किसानों के हितों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
पंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहम्मद इदरीश खान तथा संचालन तहसील अध्यक्ष चंदौसी महेश यादव ने किया। इस दौरान रामवीर सिंह यादव, उदयवीर सिंह, डॉ. पुरेंद्र सिंह यादव, राजपाल सिंह यादव, संजीव यादव, डॉ. मोहम्मद हनीफ, राजू यादव, सत्यपाल सिंह, मोहम्मद अब्दुल, डॉ. शफीक, साजिद अली, ताजुमुल, घमंडी सिंह, मोहम्मद जैद सहित अनेक पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *