लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने रविवार को अपने संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती पर प्रदेशभर में शक्ति प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया है। पार्टी नेतृत्व ने इस मौके पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के निर्देश दिए हैं।
राजधानी लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां विभिन्न मंडलों से हजारों कार्यकर्ता कांशीराम स्मारक स्थल पर एकत्र होंगे। वहीं कुछ मंडलों के कार्यकर्ता राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर जुटकर पार्टी की एकजुटता और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती लखनऊ स्थित अपने आवास पर कांशीराम जयंती मनाएंगी, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद राजस्थान के भरतपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जयंती कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए ‘लखनऊ चलो’ अभियान चलाया गया है। इसके तहत मंडल स्तर के पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं को बसों और छोटे वाहनों से कार्यक्रम स्थल तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बसपा इस आयोजन को आगामी चुनावों से पहले अपने संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है। पिछले वर्ष भी कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही थी।