दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, काले बादलों और हल्की बारिश से गर्मी से राहत

Rais alvi

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में घने काले बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर हल्की बारिश व बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली-एनसीआर के मौसम में परिवर्तन हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तेज हवा और हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी जारी रह सकती है।

शनिवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। बारिश के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना जताई गई है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है। इसके चलते आसमान में बादल छाए रहने और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बने रहने की उम्मीद है।

वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार राजधानी की वायु गुणवत्ता फिलहाल “मध्यम” श्रेणी में बनी हुई है। मौसम में आए इस बदलाव का असर एनसीआर के शहरों—ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और हापुड़—में भी देखने को मिला, जहां बारिश से तापमान में गिरावट और वातावरण में ठंडक महसूस की गई।

बारिश से किसानों के चेहरे भी खिले नजर आए, क्योंकि तेज धूप के कारण गेहूं की फसल पर पड़ रहे असर से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। STAR NEWS 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *