लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। योगी आदित्यनाथ सरकार ने रविवार रात 40 आईएएस अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादलों के बाद सोमवार को भी 24 अफसरों को इधर-उधर किया। इस ताजा सूची में 10 जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) बदले गए हैं, जिससे प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अविनाश कुमार को गाजीपुर से अलीगढ़ का डीएम बनाया गया है, जबकि अरविंद सिंह को एटा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया। अमित आसेरी को बांदा और डॉ. अंकुर लाठर को फर्रुखाबाद का डीएम बनाया गया है। इसी क्रम में कविता मीना को हापुड़, ईशा प्रिया को अंबेडकरनगर और चर्चित गौड़ को सोनभद्र का जिलाधिकारी बनाया गया है।
वहीं, अनुपम शुक्ला को अंबेडकरनगर से गाजीपुर, शशांक त्रिपाठी को बाराबंकी से अयोध्या और ईशान प्रताप सिंह को बाराबंकी का डीएम नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, निखिल टीकाराम फुंडे को अयोध्या से हटाकर मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव बनाया गया है। प्रेम रंजन सिंह को एटा से हटाकर सर्व शिक्षा अभियान में अपर राज्य परियोजना निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा अभिषेक पांडेय को हापुड़ से राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, संजीव रंजन को अलीगढ़ से कृषि विभाग में विशेष सचिव और जे. रीभा को बांदा से भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। आशुतोष कुमार द्विवेदी, बद्रीनाथ सिंह सहित कई अन्य अधिकारियों के भी विभागीय तबादले किए गए हैं।
प्रशासनिक स्तर पर अन्य बदलावों में दीक्षा जैन को राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डॉ. अपराजिता सिंह को बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और प्रणता ऐश्वर्या को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, उत्कर्ष द्विवेदी, अभिनव जैन और दीक्षा जोशी को विभिन्न जिलों में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि राज्य में प्रशासनिक कसावट और कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह बड़े पैमाने पर तबादले किए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी अधिकारियों के तबादले संभव हैं।