
30 नवंबर तक चलेगी प्रक्रिया, se.census.gov.in पोर्टल पर मिलेगा स्व-गणना का अवसर; जागरूकता के लिए सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी
सम्भल (बहजोई)। जनगणना-2027 के तहत जनसंख्या गणना के दूसरे चरण में 16 नवंबर से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके तहत नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में हुई बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह ने की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से आम नागरिक स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए सभी विभागों को जागरूकता अभियान चलाने और कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिदिन शाम पांच बजे तक अभियान की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, बस स्टैंडों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, आशाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों और श्रमिकों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। विद्यालयों में जागरूकता रैलियां निकालने तथा सोशल मीडिया पर प्रचार सामग्री साझा करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने अधिकारियों से ग्राम पंचायत एवं नगर निकाय स्तर पर जनगणना संवाद आयोजित कर लोगों को जागरूक करने को कहा। वहीं दिव्यांगजनों को स्व-गणना में प्राथमिकता के आधार पर सहयोग देने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसे सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। बैठक में जिला विकास अधिकारी राम आशीष, एसडीएम सम्भल विकास चन्द्र, एसडीएम चन्दौसी आशुतोष तिवारी, एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।