10 लाख रूपए की स्कॉर्पियो नहीं मिली, बारात लेकर नहीं आया दूल्हाः संभल में दुल्हन इंतजार करती रही, पिता से लिपटकर फूट-फूटकर रोई

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

10 लाख रूपए की स्कॉर्पियो नहीं मिली, बारात लेकर नहीं आया दूल्हाः संभल में दुल्हन इंतजार करती रही, पिता से लिपटकर फूट-फूटकर रोई

संभल में 10 लाख कैश और स्कॉर्पियो की मांग पर अड़ा दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। लड़की वालों ने फोन किया तो उसने शादी से इनकार कर दिया। जैसे ही दुल्हन को इसका पता चला वह पिता से लिपट कर फूट-फूटकर रोने लगी।

लड़की के पिता का कहना है कि शादी के कुछ दिन पहले लड़के वालों ने अचानक पैसे और गाड़ी की डिमांड रख दी। हमने असमर्थता जताई। दूल्हा शाम को बारात ही लेकर नही पहुंचा। बेटी इंतजार करती रह गई। लड़की के पिता ने पुलिस में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामला बनियाठेर थाना क्षेत्र का है।
बारात न आने पर दुल्हन फराना पिता से लिपटकर खूब रोई। दहेज न मिलने पर लड़के वालों ने शादी से इंकार कर दिया।

अब पढ़िए पूरा मामला…

बनियाखेड़ा गांव निवासी शकील पुत्र इमामुद्दीन ने अपनी बेटी फराना जहां का रिश्ता मुरादाबाद के मोहम्मदपुर जमापुर निवासी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे मुख्तार अली के साथ तय किया था। रविवार शाम 4 बजे बारात आनी थी, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। लेकिन निर्धारित समय पर बारात नहीं पहुंची।

जिसके बाद दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के परिवार से बात की। दूल्हे ने 10 लाख रुपए कैश और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग पूरी न होने पर बारात लाने से मना कर दिया। इस घटना के बाद दुल्हन फराना अपने पिता को पकड़कर फूट-फूट कर रोने लगी।

बेटी की शादी टूटने पर दुल्हन के पिता समेत पूरा परिवार रो पड़ा। किसी तरह लोगों ने ने उन्हें संभाला।

पीड़ित परिवार ने थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दुल्हन के पिता मोहम्मद शकील ने मुख्तयार पुत्र रफेदीन, मोहम्मद मुस्तफा, मुदस्सिर, इस्तकार, मौज्जिम, सलीम पुत्र मुख्तयार, अशरफी पत्नी मुख्तयार, बब्बो और शबरीना पुत्री मुख्तयार समेत 9 लोगों के खिलाफ दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है।

आज के दिन ही बारात आनी थी। लेकिन दूल्हा बारात लेकर ही नहीं पहुंचा।

पिता बोले- सवा 7 लाख दे चुके थे

पिता मोहम्मद शकील ने बताया, उन्होंने रिश्ता तय होने के बाद से अब तक 7 लाख 25 हजार रुपये का सामान दिया है, जिसमें 2 बार में 3 लाख नकद शामिल है। 10 लाख रुपए नकद या स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग उनकी हैसियत से बाहर है।

लड़के वालों ने 19 अप्रैल को पहली बार डिमांड की। 22 अप्रैल को लड़की वालों ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दूल्हा पक्ष को बात करने के लिए बुलाया था, लेकिन कोई नहीं आया।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *