हापुड़ में भीषण आग का कहर: 70 झुग्गियां राख, फैक्ट्रियों तक पहुंचीं लपटें, करोड़ों का नुकसान



उत्तर प्रदेश के जिले में सोमवार सुबह भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। पिलखुवा क्षेत्र के मोदीनगर रोड के पास स्थित झुग्गी बस्ती में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 70 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे झुग्गियों से धुआं उठता दिखाई दिया, जो कुछ ही मिनटों में आग की तेज लपटों में बदल गया। झुग्गियों में रखे प्लास्टिक, पॉलिथीन, लकड़ी और कबाड़ जैसे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग इतनी भयंकर थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक देखा गया।

आग की चपेट में पास के गोदाम और फैक्ट्रियां भी आ गईं, जहां बड़ी मात्रा में कपड़ा रखा था। बताया जा रहा है कि सैकड़ों गांठ कपड़ा जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *