
सम्भल। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को सम्भल पुलिस कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में एसपी ने पुलिसकर्मियों को संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों का स्मरण कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा एवं सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण अधिकार प्रदान करता है।

एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ करे। साथ ही कानून का पालन सुनिश्चित करते हुए आमजन के अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता दे।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को संविधान के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने और जनता के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी बहजोई अजीत सिंह, क्षेत्राधिकारी गुन्नौर अंकित मिश्रा सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।