
बहजोई में 100 बेड के अस्पताल के निर्माण में अनियमितता के आरोप, जांच के बाद होगी कार्रवाई
सम्भल (बहजोई)। बहजोई के आनंदपुर स्थित निर्माणाधीन 100 बेड के जिला अस्पताल के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण स्थल पर सीमेंट के कट्टे खुले में रेत पर रखे होने, ईंटों की गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा में लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल परियोजना की घोषित लागत 63.25 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि वर्क ऑर्डर में टेंडर लागत 49.31 करोड़ रुपये दर्ज होने की बात सामने आई है। दोनों राशियों के अंतर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आना बाकी है।
निर्माण स्थल पर सीमेंट के उचित भंडारण, इस्तेमाल की जा रही ईंटों की गुणवत्ता और भवन की मजबूती की तकनीकी जांच की मांग उठ रही है। इसके अलावा, मजदूरों के बिना हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों के काम करने पर भी चिंता जताई गई है।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने बताया कि एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले सरकारी कार्यों सहित अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए तकनीकी समिति गठित की गई है। जिला अस्पताल के निर्माण को लेकर मिली शिकायतों की भी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वाइट अंकित खंडेलवाल जिलाधिकारी संभल