संभल में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र व स्मार्टफोन वितरित, मंत्री गुलाब देवी ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

रईस अल्वी संवाददाता संभल====
संभल। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर सोमवार को संभल जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र तथा स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Gulab Devi ने मुख्य अतिथि के रूप में की। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिले में रिक्त पदों के सापेक्ष आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कुल 491 रिक्त सहायिका पदों के सापेक्ष 312 महिलाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि 6 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के पदों में से 2 को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा शासन स्तर से प्राप्त 144 स्मार्टफोन में से 17 मुख्य सेविकाओं तथा 127 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए, जिससे वे विभागीय कार्यों को डिजिटल माध्यम से बेहतर ढंग से संचालित कर सकें।
इस दौरान वर्ष 2022-23 में निर्मित 21 नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का भी लोकार्पण किया गया। वहीं ग्राम पंचायतों द्वारा वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच बने 64 आंगनबाड़ी केंद्रों का भी उद्घाटन किया गया।
राज्यमंत्री गुलाब देवी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए नव नियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *