Sambhal बहजोई नगर में रक्षाबंधन के मौके पर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और रिश्तेदारों से मिलने के लिए घरों से निकले। इसी बीच नगर की सड़कों पर कुछ बाइक पर तीन से चार, जबकि कई जगह चार से पांच लोग तक सवार दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि कई लोग राखी बंधवाने के लिए अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। भीड़ और त्योहार की जल्दबाजी में लोगों ने यातायात नियमों को नजरअंदाज कर दिया। एक बाइक पर क्षमता से अधिक लोगों के बैठने से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
यातायात विशेषज्ञों के अनुसार दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक लोगों के बैठने से बाइक का संतुलन बिगड़ सकता है और अचानक ब्रेक लगाने या सड़क पर किसी बाधा के आने पर गंभीर हादसा हो सकता है। बाइक चलाते समय हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
आपकी जिंदगी अनमोल है। त्योहार की खुशी में ऐसा कोई जोखिम न लें, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल जाएं। सड़क पर निकलते समय यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित घर पहुंचें।