उत्तर प्रदेश पुलिस में अब वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी मुख्यालय की मंजूरी के बाद अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश में कहा गया है कि कई सेवारत और प्रशिक्षु पुलिसकर्मी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वर्दी में रील्स बनाकर और आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इससे न केवल सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि और गरिमा पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
मुख्यालय ने साफ किया है कि ऐसी गतिविधियां अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती हैं और इन्हें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों की निगरानी कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस विभाग का मानना है कि जनता के बीच पुलिस की छवि बेहद महत्वपूर्ण है और सोशल मीडिया पर अनुशासनहीन व्यवहार से उसकी विश्वसनीयता प्रभावित होती है। इसलिए सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का पालन सभी पुलिसकर्मियों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। इस फैसले को पुलिस बल में अनुशासन, मर्यादा और पेशेवर छवि बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।