
सम्भल (बहजोई)। सम्भल जिले में खिरनी टोल प्लाजा और लहरावन टोल प्लाजा के बीच बुधवार को सड़क हादसा हो गया। पंजाब के पटियाला से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 80 से 100 यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना में दो यात्री घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सम्भल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। बस के पलटने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने यात्रियों की सहायता की और स्थिति को संभाला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस पंजाब के पटियाला से बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान खिरनी टोल प्लाजा और लहरावन टोल प्लाजा के बीच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

यह मामला बहजोई थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है। हादसे में घायल यात्रियों की स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।