4
दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस भेजे जाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग उठाई है। पार्टी ने कहा है कि समिति की कार्यवाही का लाइव प्रसारण किया जाना चाहिए, ताकि जनता को पूरी सच्चाई पता चल सके।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा की विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही को सार्वजनिक किया जाना चाहिए और पत्रकारों को भी बैठक में शामिल होने की अनुमति मिलनी चाहिए। उनके मुताबिक इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होगी और किसी तरह की गलतफहमी की गुंजाइश नहीं रहेगी।
‘फांसी घर’ मुद्दे पर बुलाए गए केजरीवाल
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि खबरें सामने आ रही हैं कि ‘फांसी घर’ से जुड़े मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया है। उनका कहना है कि देश में संसद और विधानसभाओं की कई समितियां काम करती हैं, लेकिन किसी पूर्व मुख्यमंत्री को इस तरह समिति के सामने बुलाने की परंपरा राजनीति में नए विवाद खड़े कर सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली की भाजपा सरकार इस फैसले के राजनीतिक प्रभाव को ठीक से नहीं समझ रही है।
पारदर्शिता के लिए लाइव स्ट्रीमिंग की मांग
AAP का कहना है कि विधानसभा समितियों की कार्यवाही हमेशा पारदर्शिता के लिए जानी जाती रही है। सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान कई समितियों की बैठकों का लाइव प्रसारण किया गया था और पत्रकारों को भी बैठक में शामिल होने की अनुमति दी गई थी।
उन्होंने कहा कि यदि केजरीवाल स्वयं कार्यवाही के लाइव प्रसारण की मांग कर रहे हैं, तो स्पीकर को इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
भाजपा से पूछा सवाल
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा स्पीकर को मीडिया के सामने आकर स्पष्ट करना चाहिए कि कार्यवाही का लाइव प्रसारण होगा या नहीं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि लाइव स्ट्रीमिंग नहीं की जाती है, तो यह भी बताया जाना चाहिए कि आखिर ऐसी कौन-सी बात है जिसे सार्वजनिक होने से रोका जा रहा है।