
बहजोई/सम्भल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दिनांक 04/05 सितम्बर की रात्रि पुलिस लाइन बहजोई स्थित मंडी समिति मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सम्भल श्री विकास चन्द्र त्रिपाठी ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित लोगों ने आनंद लिया।
कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सम्भल श्री गोरखनाथ भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक सम्भल (दक्षिणी) श्री मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी बहजोई श्रीमती स्तुति सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।