
सम्भल। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने पुलिस ध्वज फहराकर उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा और शौर्य को नमन किया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस कलर (पुलिस ध्वज का प्रतीकात्मक बैज) लगाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से भेजे गए संदेश का वाचन कर पुलिसकर्मियों को सुनाया गया। एसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के लिए पुलिस बल को हमेशा तत्पर रहना चाहिए।

गौरतलब है कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अदम्य साहस और समर्पित सेवाओं के लिए पुलिस कलर प्रदान किया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था। पुलिस ध्वज के लाल और नीले रंग पुलिस बल की शक्ति, निष्ठा और गौरवशाली परंपराओं के प्रतीक हैं।
इस अवसर पर एसपी ने पुलिसकर्मियों से शौर्य और बलिदान की विरासत को बनाए रखते हुए पुलिस ध्वज की आन, बान और शान अक्षुण्ण रखने का आह्वान किया।