नूरसराय (नालंदा)। नूरसराय थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जेल से छूटे एक युवक ने महज 15 दिन के भीतर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान राखी कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, आरोपी मनीष कुमार उर्फ सूरजभान अक्सर पैसों की मांग करता था और इनकार करने पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट व प्रताड़ना करता था। शनिवार देर रात पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि राखी की बुरी तरह पिटाई की गई है और उसकी हालत गंभीर है।
परिजन जब तक अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे साफ है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी।
घटना के बाद आरोपी ने मामले को हादसा दिखाने के लिए सीढ़ी से गिरने की झूठी कहानी फैलाने की कोशिश की, लेकिन चोटों के निशानों और परिस्थितियों ने सच्चाई उजागर कर दी।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।