(रिपोर्ट – अज़ीम अब्बासी)
संभल। जनपद संभल को नए जिलाधिकारी के रूप में अंकित खंडेलवाल मिल गए हैं। आगरा नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर तैनात रहे अंकित खंडेलवाल का शासन द्वारा संभल में जिलाधिकारी के रूप में स्थानांतरण किया गया है। उन्होंने मंगलवार को विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।
कार्यभार संभालने से पहले नवागत जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल शहर के प्राचीन कल्कि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद वे पुरानी तहसील स्थित कोषागार पहुंचे, जहां उन्होंने आधिकारिक पुस्तिका पर हस्ताक्षर करते हुए जिलाधिकारी संभल का चार्ज लिया।
गौरतलब है कि पूर्व जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेसिया का स्थानांतरण मुरादाबाद हो जाने के बाद यह पद रिक्त था। अंकित खंडेलवाल इससे पहले वर्ष 2023 से आगरा नगर निगम में नगर आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे और प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और जनपद के समग्र विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता होगी।