कोलकाता। बारिश के मौसम में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने स्कूली बच्चों की यूनिफॉर्म को लेकर अहम सुझाव दिया है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्कूलों से अपील की कि डेंगू के पीक सीजन के दौरान बच्चों के हाथ-पैर अधिकतम ढके रहें, ताकि मच्छरों के काटने की संभावना कम की जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने अगले करीब तीन महीनों के लिए फुल स्लीव शर्ट और पूरी लंबाई वाली पैंट जैसे कपड़े पहनने की अनुमति देने का सुझाव दिया। उन्होंने विशेष रूप से उन छात्राओं की यूनिफॉर्म में अस्थायी बदलाव की बात कही, जो स्कर्ट पहनती हैं। उनके अनुसार, स्कर्ट की जगह सलवार-कमीज या ऐसे अन्य परिधान की अनुमति दी जा सकती है, जिससे पैर अधिक ढके रहें।
मंत्री ने घुटने तक के मोजों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं माना और बच्चों के पैरों को पूरी तरह ढकने वाले कपड़ों को प्राथमिकता देने की सलाह दी। सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों के लिए अस्थायी ड्रेस संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है, जबकि निजी स्कूलों से भी सावधानी बरतने की अपील की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने डेंगू की रोकथाम में जागरूकता को अहम बताते हुए शिक्षकों और स्कूल प्रशासन से बच्चों को मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति लगातार जागरूक करने की अपील की।