
सम्भल में अब तक 2,455 किलोमीटर सड़कों की हो चुकी है मरम्मत, शेष सड़कों को दुरुस्त कराने की कार्रवाई जारी
सम्भल (बहजोई), 14 नवंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर अब ग्रामीण घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए जल निगम ग्रामीण की ओर से जल साथी ऐप पर फोटो और वीडियो अपलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी सड़क की पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) अमित कुमार राजपूत ने बताया कि जनपद में पेयजल योजनाओं के तहत अब तक करीब 2,473 किलोमीटर सड़कों की खुदाई कर पाइपलाइन बिछाई गई है। इनमें से 2,455 किलोमीटर सड़कों की पुनर्स्थापना कराई जा चुकी है। शेष सड़कों को भी निर्धारित मानकों के अनुसार दुरुस्त कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्व की स्थिति में बहाल कराने की जिम्मेदारी संबंधित कार्यदायी एजेंसियों की है। पुनर्स्थापना कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में जहां अभी तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, वहां लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है तो जल साथी ऐप पर मौके की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते समस्या का समाधान कराया जा सके।