
सम्भल। सिसौना डांडा गंगा मेले में सोमवार को कृषि विभाग की ओर से जनपद स्तरीय किसान मेला, कृषि प्रदर्शनी एवं गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह रिंकू भी मौजूद रहे।

किसान मेले में विभिन्न विभागों एवं कृषि संस्थानों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जहां उन्नत किस्म के बीज, जैविक खाद और आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर किसानों से बातचीत की और कृषि संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं।
कृषि गोष्ठी में उप कृषि निदेशक ने किसानों को विभाग की विभिन्न अनुदानपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम, श्री अन्न (मिलेट्स) की खेती, फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि तकनीक और फसलों को रोगों एवं कीटों से बचाने के उपाय बताए।
इसके साथ ही किसानों को पेड़ लगाओ, जल बचाओ, प्लास्टिक हटाओ अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा।